पटना. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत पर अरविन्द
केजरीवाल को बधाई दी और भाजपा पर जमकर हमला किया। नीतीश कुमार ने कहा- अब हवा बाजी से काम नहीं चलेगा। भाजपा सरकार का केन्द्र में 9वां माह चल रहा है। पर रोजगार, किसानों के साथ न्याय करने को लेकर कुछ नहीं दिख रहा है। दिल्ली के लोगों ने अपना मत दिया और भाजपा को नकार दिया। इसके लिए मैं दिल्ली की जनता को भी बधाई देता हूं। दिल्ली में जनता ने अहंकार को अस्वीकार किया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि
किरण बेदी गलत पार्टी में चली गई। ये उनका फैसला सही नहीं था। उन्होंने कहा-भाजपा की ओर से जो बिहार में किया जा रहा है, वैसा कभी नहीं हुआ। वे हॉर्स ट्रेंडिंग को बढ़ावा दे रहे हैं। हमारे समर्थकों को कई ऑफर दे रहे हैं। राज्यसभा के उपचुनाव में भी भाजपा ने खेल किया था। बिहार में मेरे अच्छे काम को मटियामेट किया जा रहा था। इसे मैं देख नहीं सकता था। भाजपा को दिल्ली में जवाब मिला है और बिहार में भी करारा जवाब मिलेगा।
नीतीश कुमार ने अपने
फेसबुक पर स्टेटस अपलोड कर कहा कि मैं अरविन्द केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देता हूं। साथ ही इतने बड़े जनादेश से पूरे देश को सन्देश देने के लिए मैं दिल्ली के समस्त मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं और बधाई भी। आम आदमी पार्टी की जीत से सन्देश स्पष्ट है कि देश की जनता न्याय के साथ विकास चाहती है, मूलभूत सुविधाएं चाहती है, ईमानदार नेतृत्व चाहती है और अहंकार को अस्वीकार करती है।
वहीं जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के जीत से यह साबित हो गया है कि नमो के चेहरे को दिल्ली ने नकार दिया है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए नीतीश कुमार की प्रेसवार्ता से जुड़ी फोटोज...