फोटो: ऑटो चालकों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोके रखा।
बिहारशरीफ/पटना. बिहारशरीफ में एक चालक की हत्या के बाद ऑटो चालकों ने शनिवार को जम कर बवाल काटा। बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों ने करीब डेढ़ घंटे तक राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस को रोके रखा। आक्रोशित ऑटो चालक को पांच लाख रुपए मुआवजा, परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इस घटना के विरोध में बिहारशरीफ के ऑटो चालक हड़ताल पर चले गये है। इसके कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
क्या है मामला
बिहारशरीफ के कल्याणपुर स्थित पंडित नगर में किराये पर रह रहा अजय कुमार नामक ऑटो चालक शुक्रवार की रात पैसेंजर उठाने के लिए बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन गया था। रात को घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे खोजते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे तो वहां स्टेशन परिसर में उसकी क्षत विक्षत लाश पड़ी थी। मौके से उसका ऑटो गायब था। ईंट पत्थर से बुरी तरह कुचल कर उसकी हत्या की गई थी। उसने दो दिन पहले ही नया ऑटो लिया था। माना जा रहा है कि ऑटो लूटने के लिए ही इस घटना को अंजाम दिया गया है।
सामने आयी पुलिस की लापरवाही
हत्या के इस मामले मे सीधे तौर पर जीआरपी और टाउन थाने की पुलिस की लापरवाही सामने आयी है। घटना स्थल से बामुश्किल 10 मीटर की दूरी पर जीआरपी थाना है लेकिन अपराधी हत्या कर ऑटो लूट कर चलते बने। यही नहीं लाश रात भर स्टेशन मेन गेट के सामने पड़ा रहा, लेकिन किसी को पता नहीं चला। इस घटना ने जीआरपी पुलिस की रेलवे स्टेशन परिसर में गश्ती की पोल खोल कर रख दी है। वहीं टाउन थाने की पुलिस इसका ठीकरा जीआरपी के माथे फोड़ रही है। जबकि इस इलाके में गश्ती की जिम्मेदारी उसकी भी बनती है। आये दिन इस इलाके में ऐसी घटना सामने आती रहती है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए तस्वीरें...