औरंगाबाद/पटना. रफीगंज थाना से चंद दूरी पर सोमवार की देर रात अपराधियों ने कोटवारा पैक्स अध्यक्ष को गोली मारकर घायल कर दिया। अध्यक्ष को दो गोली लगी है, जिसके कारण उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना को अगामी चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है। घायल पैक्स अध्यक्ष का नाम अनिल सिंह उर्फ छोटे सिंह है, जो कोटवारा पंचायत के कोलखाप गांव के निवासी हैं। वे रफीगंज थाना के पीछे अपने मकान में रहते हैं।
रात के बारह बजे उनके मुहल्ले के ही तीन आपराधी घर में प्रवेश कर गए। आते ही पैक्स अध्यक्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें पैक्स अध्यक्ष ने भागने की कोशिश की तो इस पर अपराधियों ने उन्हें दो गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में अध्यक्ष को स्थानीय अस्पताल में इलाज के बाद गया ले गए। लेकिन वहां से भी डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच पटना के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में पुलिस ने घायल अनिल सिंह के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। इसमें उसके मुहल्ले के अक्षय सिंह उसका बेटा कुंदन सिंह तथा पूर्व प्रमुख का पुत्र सोनू सिंह को आरोपी बनाया गया है। जो सभी कोटवारा पैक्स के कड़सारा के निवासी है। घटना के कुछ घंटे बाद पुलिस ने उनके घर से उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।