बक्सर/पटना. इलाज के दौरान जख्मी नारायण बिंद की मौत के विरोध में सोमवार को गुस्साए ग्रामीणों ने चौसा-मोहनिया और कोचस मार्ग को घंटों जाम कर दिया। सुबह साढ़े छ: बजे से ही अखौरीपुर गोला पर जुटे लोगों ने चौसा-कोचस सहीत मोहनिया रोड़ को जाम कर हत्यारों को गिरफ्तार करने व मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग प्रशासन से करने लगे।
चार घंटे तक जाम सड़क से परिचालन व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीओ अवधेश आनंद और प्रभारी एसपी सुनील कुमार ने लोगों को समझाते हुये न्याय दिलवाने का भरोसा दिलवाया। इस पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। इन पदाधिकारियों ने पारिवारिक लाभ योजना का लाभ भी दिए। मालूम हो कि शनिवार को देर शाम दुर्गा पूजा की चंदा वसूली के दौरान बच्चों के विवाद बड़े भी उलझ गए। इस दौरान दो गुटों के बीच जमकर लाठी वगैरह से मारपीट हुई, जिसमें नारायण बिंद गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। नारायण बिंद को बनारस रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।