पटना. चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान के सातवें स्थापना दिवस के मौके पर सोमवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में मानव संसाधन की कमी नहीं है। लेकिन यहां के मानव संसाधन का इस्तेमाल सही दिशा में नहीं हो रहा है। उन्होंने सिंगापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि वह छोटा सा देश है। जहां प्राकृतिक संसाधन नहीं है, लेकिन देश में मानव संसाधन की कमी नहीं है, जिसकी गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए काफी काम किया जा रहा है। ठीक उसी तरह से बिहार में भी युवा जनसंख्या बहुत है। इसे सही दिशा दिखा कर, स्किल डेवलपमेंट के लिए उन्हें प्रशिक्षित किया जा सकता है।
उन्होंने सातवें स्थापना दिवस पर स्टूडेंट्स को आश्वासन दिलाया कि उनके संस्थान का अगला स्थापना दिवस नए कैंपस में ही मनाया जाएगा। वहीं वहां शिफ्ट होने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। सीआईएमपी के स्थापना दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन पर संस्थान के निदेशक डॉ वी मुकुंदा दास, डीन डॉ बालाकृष्णन ने मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह के साथ किया। कार्यक्रम में संस्थान के बीते सात सालों के कुछ महत्वपूर्ण मौकों को एक वीडियो में कैद किया गया था, जिसे प्रस्तुत किया गया। संस्थान की शुरुआत से लेकर अब तक की सभी सफलताओं के क्षण भी उस वीडियो में मौजूद थे। संस्थान के निदेशक डॉ. वी मुकुंदा दास ने संस्थान की उपलब्धियों और शुरुआती दिनों को याद किया।