फोटो: पुलिस ने गिरफ्तार किया घड़ी चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को।
मोतिहारी/पटना. दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक शो रूम से घड़ी चोरी करने वाले गिराेह के एक अन्य सदस्य को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी बरइया टोला स्थित उसके घर से हुई है। वह उक्त गांव के बासठ महतो का पुत्र संतोष कुमार है। उसके पास से करीब पंद्रह लाख रुपए मूल्य की एक घड़ी भी बरामद की गई है। रविवार को भी संतोष के घर से दो घड़ी बरामद की गई थी।
इस तरह शो रूम से चोरी गए 97 घड़ी में से चार घड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। शेष घड़ी संतोष के साथियों के पास है। उनकी गिरफ्तारी के लिए सिकरहना डीएसपी उमेश्वर चौधरी के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीम विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार संतोष ने बताया कि संजय उर्फ पचउनिया उसके गिरोह का सरगना है। उसके साथ गिरोह में घोड़ासहन थाना क्षेत्र के जुगनू उर्फ इसराफिल, तेरे नाम उर्फ पवन, श्री राम तुरहा, राजन कुमार, श्याम बाबू, करण कुमार, लालबाबू गोसाई, राकेश कुमार, अजय कुमार, बिगू जायसवाल, रंजीत सोनार व मोनू कुमार काम करते हैं।
कनॉट प्लेस स्थित संजय हाउस नामक दुकान में चोरी करने के लिए तेरे नाम उर्फ पवन दुकान में घुसा था। चोरी के दौरान उसने तीन घड़ी अपने पास छिपाकर रख लिया था। जिसे उसने बाद में संतोष को दिया। चोरी की शेष घड़ियों का बंटवारा सभी सदस्यों के बीच दिल्ली के ही एक होटल में हुआ था। संतोष ने बताया कि उसने तीन घड़ियों में से एक घड़ी को रक्सौल में बेचा था। पुलिस उस व्यक्ति के नाम काे अभी गुप्त रखी है। संतोष की माने तो घोड़ासहन निवासी घमेन्द्र तुरहा व मुन्ना सोनार उनसे चोरी के सामान को खरीदते हैं। पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है।