मुजफ्फरपुर/पटना. सेंट्रल बैंक गोपालगंज में पदस्थापित बैंक मैनेजर वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव को रविवार देर रात अपराधियों ने अयाची ग्राम स्थित उनके आवास में गोलीमार कर हत्या कर दी। अपराधियों ने दूसरे कमरे में सोए हुए अर्द्धविक्षिप्त भाई रविन्द्र कुमार श्रीवास्तव को भी गोली मारकर घायल कर दिया। रविन्द्र का इलाज एसकेएमसीएच में हो रहा है। अपराधी ने डकैती का शक्ल देकर घटना को अंजाम दिया है। मैंनेजर के घर में रखे जेवर और कीमती सामान को छूआ तक नहीं। जबकि कुर्सी-टेबल और घर में रखे अन्य सामान को तोड़फोड़ दिया। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। हालांकि एसएसपी जितेन्द्र राणा ने कहा कि सभी बिन्दुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि यदि डकैती की नियत से अपराधी आते तो जेवर और अन्य सामान को अपने साथ ले जाते। एसएसपी ने कहा कि मेन गेट को तोड़ने के लिए किसी बल का प्रयोग नहीं किया गया है। इससे प्रतीत होता है कि गेट खुला हुआ था। वैसे जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
कैसे हुई घटना
अहियापुर थाना क्षेत्र के अयाची ग्राम में बैंक मैनेजर वीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव का परिवार वर्षों से रहता है। वे शनिवार को मुजफ्फरपुर आते हैं। रविवार रात आधा दर्जन की संख्या में अपराधी आए और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। उनके विक्षिप्त भाई को भी गोली मारकर जख्मी कर दिया। जबकि पत्नी और एक बच्ची पर प्रहार नहीं किया गया। अपराधियों ने हत्या करने के बाद घर के फर्निचर और अन्य सामान को तोड़फोड़ कर तीतर-बीतर कर दिया। घटना करीब साढे 12 बजे रात की बताई जाती है। इस घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश है। सूचना मिलने पर एसएसपी समेत कई पुलिस अधिकारियों ने एसकेएमसीएच और घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। सोमवार सुबह पहुंचे स्थानीय विधायक अजीत कुमार सिंह को भी लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन किया। एसएसपी द्वारा अपराधियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।