पटना. देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूरे सूबे में धूमधाम से पूजा की गई। बुधवार की सुबह से ही लोग भगवान विश्वकर्मा की पूजा में जुटे दिखे। अपनी गाड़ियो को धोकर फूल-माला के साथ पूजा की और प्रसाद बांटे। वहीं गैरेज और कल-कारखानों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जा रही है। कहा जाता है कि भगवान विश्वकर्मा ने ही देवताओं के लिए महल, अस्त्र-शस्त्र, आभूषण बनाया था। इसलिए वे देवताओं के भी प्रिय थे।
कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
मंगलवार को पूजा की पूर्व संध्या पर तैयारी अंतिम चरण में दिखी। मंगलवार देर रात तक सभी पूजा मंडपों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा मूर्तिकारों के यहां से लाकर स्थापित किया गया। वहीं, पटना जंक्शन स्थित पावर हाउस, राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्पलेक्स यार्ड, समेत तमाम जगहों पर पूजा की गई। पूजा के बाद शाम में कई जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। उधर, गांधी मैदान के पास आईएमए हाॅल के पास मूर्तिकारों द्वारा बनाई गई भगवान विश्वकर्मा की छोटी मूर्तियां आकर्षण का केंद्र रहीं।