कटिहार. मनिहारी में अंधविश्वास का एक अजब नजारा देखा गया। एक तांत्रिक और तंत्र-मंत्र के चक्कर में 13 वर्षीय एक बच्चे के शव को श्मशान घाट से उठाकर तांत्रिक के पास लाया गया। बच्चे के परिजनों ने ऐसा इसलिए किया ताकि बच्चे की लाश में तांत्रिक जान फूंक सके। पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ और मौके पर सैकड़ों की भीड़ जुटी रही। बाद में पुलिस ने तांत्रिक को हिरासत ले लिया।
मामला कटिहार जिले के मनिहारी के नवाबगंज का है। यहां लक्ष्मण चौधरी का 13 वर्षीय पुत्र अरविंद की लम्बी बीमारी से मौत हो गई। अरविंद कुमार के शव को लेकर पिता और परिजन मनिहारी घाट अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे। लेकिन तब तक नवाबगंज के ही एक शेख फकीर नामक तांत्रिक ने यह दावा किया कि वह अरविंद को तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक से जिंदा कर देगा।
मृतक के परिजनों ने जब यह सुना तो उन्हें तांत्रिक पर विश्वास हो गया। परिजनों ने मृतक के शव को शेख फकीर के हवाले कर दिया। लगभग 6 घंटे तक शेख फकीर और उसके आदमी उसे जिंदा करने के लिए तमाशा करते रहे। सैकड़ों लोग इसके गवाह बने। लेकिन अरविंद जिंदा नहीं हुआ। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद मौके पर पहुंची मनिहारी पुलिस ने तांत्रिक को हिरासत में ले लिया और शव को वापस अंतिम संस्कार के लिए मनिहारी घाट भिजवाया।
आगे की स्लाइड्स में देखिए संबंधित फोटोज...