फोटो: स्कूल में पढ़ातीं कौशल्या।
आरा/पटना. चर्चित टीवी सीरियल ‘कौन बनेगा महाकरोड़पति’ में सोमवार की रात भोजपुर की बेटी कौशल्या ने 12 लाख 50 हजार रुपए जीत लिए। 11 सितंबर को प्रसारित एपिसोड में कौशल्या को पांच हजार की राशि से शुरुआत करने के बाद 12 लाख 50 हजार तक की राशि जीतने के क्रम में कई बार मानसिक रूप से जूझना भी पड़ा। कौशल्या का सपना आईएएस बनना है। वह भविष्य में सिविल सर्विसेज में जाना चाहतीं हैं। कौशल्या फिलहाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय अहिरपुरवा, आरा में अक्टूबर 2013 से शिक्षिका पद पर कार्यरत हैं।
पिता हैं होमगार्ड के हेड कांस्टेबल
केबीसी में 12 लाख 50 हजार रुपए जीतकर बिहार की यह होनहार बाला देश भर में चर्चा में आ गई है। सोमवार को केबीसी के प्रसारित एपीसोड में वह हॉट सीट पर बैठीं और सामने थे सदी के फिल्मी महानायक
अमिताभ बच्चन। कौशल्या मूल रूप से भोजपुर जिले के सहार प्रखंड के हरलख टोला की हैं। शिक्षा झारखंड राज्य के हजारीबाग शहर के डीएवी स्कूल व केबी वीमेंस कॉलेज में हुई। पिता शिवकुमार चौधरी हजारीबाग में होमगार्ड के हेड कांस्टेबल हैं। आकाशवाणी केंद्र के पास होमगार्ड कैंप में आवास है। कौशल्या देश व समाज की सेवा के लिए आईएएस बनना चाहती हैं।
अब आईएएस बनना उदेश्य
कौशल्या ने अपने सपने व जीवन के पर बेबाकी से बात की। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे बड़ी हुई, वैसे-वैसे सपने बदलते गए। बचपन में मेरा शौक डॉक्टर बनना था। बड़ी होने पर सरकारी कार्यालयों व समाज में व्याप्त करप्शन देखा-सुना। मेरा भी करप्शन से पाला पड़ा। नाम नहीं बताऊंगी, क्योंकि कईयों के साथ पंगा हो जाएगा। यह अलग बात है कि ईमानदार पिता की वजह से मैं परेशानी से उबर गई। अब आईएएस बनना उदेश्य है। चूंकि, मुझे सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के किस्से देख-सुनकर दुख पहुंचता है। लोगों की अधिकारियों से बड़ी उम्मीदें होती हैं। देश में काफी करप्शन फैला है। करप्शन व घोटाले को लोग सहज ढंग से लेने लगे हैं। कौशल्या ने बताया कि सुबह नौ से चार बजे तक स्कूल में पढ़ाने के बाद खुद की पढ़ाई के लिए वक्त निकालती हूं।
आगे देखिए कौशल्या की कुछ तस्वीरें...
फोटो- संजय श्रीवास्तव