सीवान/पटना. पचरुखी थानाक्षेत्र के सुपौली उत्तर टोला में दहेज लोभियों ने एक नव
विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। विवाहिता 22 वर्षीय विनिता की शादी 4 माह पूर्व सुपौली में कमलेश कुमार सिंह से हुई थी। पति दुबई में नौकरी करता है। पति एक माह पूर्व आया था और विविध प्रकार से प्रताड़ित करने के बाद वह चला गया था। घटना की जानकारी तब हुई जब ससुराल वाले चोरी-चुपके शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे।
पिता मुफस्सिल थानाक्षेत्र के जमसिकरी निवासी काशीनाथ सिंह ने हत्या के मामले में मृतका के श्वसुर श्रीनाथ सिंह, भसुर रमेश सिंह, पति कमलेश कुमार सिंह सहित सात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप के मुताबिक ससुराल वाले विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका के पिता काशीनाथ सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले कमलेश कुमार की दूसरी शादी कर अधिक दहेज हथियाने की जुगत में हैं। इसी को लेकर साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।