पटना. कृषि विभाग में 400 से अधिक पदों पर क्लास टू श्रेणी के अधिकारियों की बहाली होगी। दो दिनों के अंदर बहाली के लिए रिक्तियां बीपीएससी को भेज दी जाएगी। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह व प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने बीपीएससी को रिक्तियां भेजने की स्वीकृति दे दी है। विभाग से दो दिनों के अंदर रिक्तियां भेज दी जाएंगी।
क्लास टू में बहाल होने वाले अधिकारियों में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, सहायक निदेशक और उप परियोजना निदेशक आत्मा के 240 पदों पर बहाली होनी है। इसके साथ ही 35 सहायक निदेशक उद्यान, 34 पौधा संरक्षण पदाधिकारी की बहाली होगी। इसके पहले 2010 में कृषि विभाग में क्लास टू अधिकारियों की बहाली का प्रयास किया था, लेकिन बहाली नहीं हो सकी है।
इन पदों पर बहाली के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कृषि स्नातक है। बीपीएससी लिखित परीक्षा के आधार पर चयन करेगा। सरकार के अन्य पदों पर बहाली के अनुरूप उम्र सीमा व आरक्षण का प्रावधान होगा। ग्रेड पे 4800 होगा। यानी नियुक्ति के प्रारंभ में प्रतिमाह 40 हजार रुपए वेतन दिए जाएंगे।