पटना. राजधानी के 97 व्यवसायियों को ई-मेल कर पांच लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी नहीं देने पर व्यवसायी और उनके परिवार के एक सदस्य को मौत के घाट उतारने की धमकी दी गई है। ई-मेल भेजने वाले ने अपना नाम मनीष सिंह और स्थान जहानाबाद लिखा है।
उसने कहा है कि उसका आदमी कॉल करेगा तो पांच लाख रुपए दे दिए जाएं। अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें। सभी मेल एक साथ भेजे गए हैं। मेल राजधानी के बड़े होटल संचालक, ऑटो
मोबाइल डीलर, ट्रेवेल एजेंट, स्वर्ण व्यवसायी, कंसल्टेंसी सर्विस, ट्रेडर, एजेंसी मालिक, बिल्डर को भेजे गए हैं। इससे व्यवसायी सकते में हैं। इसकी शिकायत पुलिस मुख्यालय से भी की गई। एडीजी गुप्तेश्वर पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है।
साइबर सेल में मेल की जांच के बाद पता चलेगा कि इसके पीछे क्या उद्देश्य है। मामले की जांच का जिम्मा पटना पुलिस को सौंपा गया है। हालांकि एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि उन्हें अब तक ऐसा कोई आदेश नहीं मिला है। सवाल उठ रहे हैं कि यह किसी की शरारत या फिर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं।