फोटो: एबीवीपी ने किया प्रदर्शन।
पटना. पेट्रोल-डीजल की कीमत में लगातार कमी होने के बाद बस-ऑटो सहित तमाम सरकारी-गैर सरकारी वाहनों के भाड़ा में कोई कमी नहीं आई है। जबकि पहले पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही भाड़ा वृद्धि की कवायद शुरू हो जाती थी। इसी मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने सोमवार को कारगिल चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक आक्रोश मार्च निकाल प्रदर्शन किया। इस दौरान एबीवीपी के आशीष सिन्हा ने बताया कि ईंधन दरों में कमी के बावजूद सरकारी व गैर-सरकारी वाहनों के भाड़े में कमी नहीं करने से आम जनता के साथ छात्र समुदाय का भी आर्थिक शोषण हो रहा है।
इस दिशा में न तो राज्य सरकार ने कोई प्रयास किए और न ही जिला प्रशासन ने। हमारी मांग है कि इस मामले में जिलाधिकारी और जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार दखल दे और भाड़ा कम किया जाए। अगर शीघ्र इस पर फैसला नहीं लिया गया तो एबीवीपी आंदोलन करेगा। प्रदर्शन में श्रीराम शर्मा, गौरव बंटी, आनन्द झा, सागर उपाध्याय, अभिमन्यु सिंह, राहुल कुमार, नियाज अहमद, सुरज, अनिकेत, राजन कुमार सिंह, अभिषेक मेहता, गौरव प्रकाश सहित दर्जनों छात्र शामिल थे।