पटना. बिहार बोर्ड ने तय किया है कि होली के बाद मैट्रिक परीक्षा ली जाएगी। होली छह मार्च को है। इसके एक सप्ताह बाद परीक्षा लिए जाने की योजना है। बोर्ड ने तय किया है कि 12 या 13 मार्च से परीक्षा शुरू होगी। यह एक सप्ताह चलेगी। दो शिफ्ट में मैट्रिक परीक्षा आयोजन की योजना है। बोर्ड अधिकारियों की मानें तो 2014 की तर्ज पर गुरुवार से परीक्षा शुरू होगी। 12 मार्च से 19 मार्च तक परीक्षा लिए जाने की योजना है। पहले दिन अंग्रेजी का पेपर होगा। अंतिम दिन ऑप्शनल पेपर होगा। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. लालकेश्वर प्रसाद सिंह का कहना है कि इंटर परीक्षा 18 फरवरी से तीन मार्च तक चलेगी। इसके बाद ही मैट्रिक परीक्षा होगी। बीच में होली के कारण तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
इंटर परीक्षा की तिथि बिहार बोर्ड ने जारी कर दी है। लेकिन, अब तक फॉर्म भरने की तिथियां तय नहीं हो सकी हैं। सचिव श्रीनिवास चंद्र तिवारी का कहना है कि 20 दिसंबर से फॉर्म भरना शुरू हो सकता है। इसके लिए आवश्यक कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, छात्रों को मॉडल पेपर उपलब्ध के लिए भी बोर्ड तेजी से कार्य करने की बात कर रहा है। सचिव का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर मॉडल पेपर छात्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
मैट्रिक परीक्षा में इस वर्ष करीब साढ़े 14 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद मंगलवार से हाईस्कूलों में चेकलिस्ट भरी जा रही है। इसमें मैट्रिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों का विवरण स्कूलों को देना है। 12 दिसंबर तक यह प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया होगी।