सीवान/पटना. मुफस्सिल थानाक्षेत्र के अखैनिया गांव में बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने घर से बुलाकर टुनटुन मिश्र के 30 वर्षीय पुत्र विकास कुमार मिश्र को गोली मार दी। गोली मारकर भाग रहे बदमाशों को पकड़ने दौड़े विकास के पटटीदार 55 वर्षीय शारदा मिश्र पर भी बदमाशों ने फायर कर दिया। हो-हल्ला के बाद गांव के बाहर अखौनिया ढाला के पास भी बदमाशों को हदीश मियां के पुत्र 50 वर्षीय रहमतुल्लाह अंसारी ने पकड़ने की कोशिश की। लेकिन बदमाशों ने उन्हें भी गोली मार दी और रात के अंधरे का लाभ उठाकर भाग निकले।
क्या है स्थिति
देर रात में गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक इलाज करने के बाद पटना रेफर कर दिया। पीएमसीएच ले जाने के क्रम में रहमतुल्ला अंसारी ने सोनपुर के पास दम तोड़ दिया। फायरिंग और मौत के बाद गांव में दहशत है। चर्चाओं की मानें तो मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। मुफस्सिल थानाप्रभारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मृत रहमतुल्ला अंसारी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
कैसे हुई घटना
असलहों से लैश तीन बदमाश एक ही मोटरसाइिकल पर सवार होकर गांव पहुंचे। गांव आने से पहले ही एक बदमाश उतर गया और टुनटुन मिश्र का घर पूछने और अपने दो साथियों को बताने के बाद चला गया। कुछ देर बाद दो बदमाश बाइक से आए और टुनटुन मिश्र के पुत्र विकास कुमार मिश्र को घर से बाहर बुलाया। बताते हैं कि बदमाशों ने पहले विकास से पानी मांगा और जैसे ही विकास पानी लाने के लिए घुमा, बदमाशों में से एक ने फायर कर दिया।
ग्रामीणों व परिजनों से मिले सांसद ओम प्रकाश
घटना के बाद भाजपा सांसद ओमप्रकाश यादव पहले पोस्टमार्टम हाउस और फिर अखौनिया गांव में पहुंचे और गोली के शिकार हुए लोगों के परिजनों से बात की। भाजपा सांसद के साथ जिला मंत्री राहुल तिवारी, मंडल अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव, मुज्जफर इमाम, श्रीनिवास यादव, रिजवान अंसारी सहित कई लोग उस्थित थे।