फोटो: पुलिस के साथ ग्रामीणों की भिड़ंत भी हो गई।
जमुई/पटना. टाउन थानाक्षेत्र के जमुई-खैरा मुख्य मार्ग स्थित जवाहर हाई स्कूल के पास पशु को चोरी कर ले जा रहे तीन चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। रात भर चोरों को बंधक बना ग्रामीणों द्वारा जमकर उसकी पिटाई की गई। सुबह जब इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो चोरों को ग्रामीणों के चंगुल से निकाला गया। पर जैसे ही चोरों को पुलिस अपनी जीप में बैठाकर जाने को तैयार हुई ग्रामीण फिर आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस जीप को भी घेर लिया और सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों की मांग थी कि चोरों को उनके हवाले कर दिया जाए। उन्हें ग्रामीण सजा देंगे। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई भी हुई। पशु मालिक रामेश्वर यादव सहित ग्रामीणों का कहना था कि इन चोरों द्वारा लगातार हमारे पशुओं की चोरी की जा रही थी। आज हाथ लगे हैं तो इन्हे छोड़ कैसे देंगे। रामेश्वर यादव ने बताया कि रविवार की रात चोरों ने अचानक उनके बथान से गाय को खोल लिया। जैसे ही गाय ने शोर किया वे दो अन्य लोगों के साथ मोटरसाइकिल से उसके पीछे चल पड़े। कुछ दूरी पर गाय को एक पिकअप वैन पर देखा। पशु मालिक ने पहले गाड़ी के चालक को धर दबोचा और बाद में दो अन्य चोरों को भागने के दौरान खदेड़ कर पकड़ा गया। इधर, ग्रामीणों की पीटाई से तीनो चोर गंभीर रूप से घायल है, जिन्हें सदर अस्पताल लाया गया और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।