पटना. नक्सली संगठन पीएलएफआई के संतोष नामक व्यक्ति ने बालू ठेकेदार आलोक सिंह को
मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी है। ठेकेदार को रविवार की दोपहर लगभग दो बजे उस वक्त मैसेज मिला, जब वे पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित आवास में थे। मैसेज में कहा गया है कि गया में बालू ठेका बंद करो। हम लोगों से आकर बात करो। लेवी दो वरना जान मार देंगे। वाहनों को आग के हवाले कर देंगे। मोबाइल नंबर से आलोक को मैसेज आया था। उस नंबर पर आलोक ने जब बात की तो उसने यही बात कही, उसके बाद से उसका मोबाइल बंद है। आलोक ने बताया कि उनके मैनेजर पंकज मिश्र ने गया जिले के डोभी थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। आलोक 2009 में कांग्रेस के टिकट पर करहगर से चुनाव लड़ चुके हैं।
आलोक ने गया डीआईजी, गया एसएसपी शेरघाटी एसडीपीओ को मैसेज को फॉरवर्ड कर दिया है। बकौल आलोक उन्होंने गया जिले में इस साल 44 करोड़ में बालू का ठेका लिया है। शेरघाटी एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस धमकी देने वाले का सुराग लगाने में जुटी है।