बेतिया/पटना. अनुबंध के बिजली मिस्त्री के साथ मजदूरी का काम कर रहे एक युवक की मौत शनिवार को बिजली करंट से हो गई। मजदूर के मौत के बाद मिस्त्री फरार हो गया। घटना लौरिया थाने के सिसवनिया गांव के समीप की है। मृतक के भाई राजू के अनुसार पकड़ी गांव निवासी गुलजेश अनुबंध पर बिजली मिस्त्री का काम करता है।
उसी गांव निवासी 20 वर्षीय संजीत कुमार उसके साथ मजदूरी का काम करता था। शनिवार की सुबह दोनों एक फॉल्ट बनाने सिसवनिया गांव के समीप गए। गुलजेश ने मजदूर को फॉल्ट चेक करने के लिए पोल पर चढ़ा दिया। इसी बीच बिजली सप्लाई हो गई। इसकी चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। इसके बाद गुलजेश फरार हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।