पटना. बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मुमताज आलम को राज्य सरकार ने पद से हटा दिया है। बिना कॉपी की जांच किए हुए सभी छात्रों को मनमानी ढ़ंग से अंक देने समेत उनके खिलाफ कई आरोप थे। साक्ष्य छुपाने के लिए उन्होंने उक्त कॉपियों को बाजार में बेच दी थी। इतना ही नहीं अतिथ्य भत्ता के 17500 रुपए अपने वेतन में जोड़ कर भुगतान पाते थे।
शिक्षा विभाग ने इन आरोपों की जांच कराई जो सभी सही निकले। इसके बाद विभाग ने उन्हें हटाने का आदेश शुक्रवार को जारी कर दिया। विभाग ने अध्यक्ष से आरोपों को लेकर स्पष्टीकरण भी मांगा था, जो उन्होंने नहीं दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री की सहमति लेकर उन्हें हटाया गया। उनकी जगह शिक्षा विभाग के माध्यमित के विशेष निदेशक सुरेश चौधरी को मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष का प्रभार दिया गया है।