दानापुर/पटना. दीघा स्थित निर्माणाधीन गंगा ब्रिज प्रोजेक्ट के निर्माण में लगी कंपनी के गोदाम में बुधवार की दोपहर करीब एक बजे अचानक आग लग गई। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई। गोदाम में वेल्डिंग गैस सिलिंडर, पेंट और फ्लक्स वायर सहित अन्य ज्वलनशील सामान रखे होने की वजह से आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। पूरे इलाके में घना काला धुंआ धुंध की तरह छा गया। दस दमकलों के साथ दर्जनों अग्निशमन कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
गोदाम में रखे करीब आठ वेल्डिंग गैस सिलिंडर को कंपनी के कर्मचारियों ने बाहर निकाल लिया। इनके फटने से और ज्यादा जानमाल का नुकसान हो सकता था। आग शॉर्ट सर्किट से लगने की बात कही जा रही है। अगलगी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल के साथ सिटी एसपी शिवदीप लांडे और डीएसपी ममता कल्याणी मौके पर पहुंचे। निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास शर्मा के मुताबिक अगलगी में चार करोड़ से ज्यादा का सामान जल गया है।
देखते ही देखते अन्य हिस्सों में लग गई आग
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंगा ब्रिज प्रोजेक्ट के में लगी निर्माण कम्पनी जीबीटी राही के दीघा गंगा किनारे स्थित गोदाम में काम कर रहे कर्मचारी लंच कर रहे थे। तभी उन्होंने गोदाम के एक हिस्से से धुंआ उठता देखा। लोग कुछ समझ पाते तब तक आग गोदाम के अन्य हिस्सों में फैल गई। सामान धू-धू कर जलने लगा। निर्माण कम्पनी के अधिकारियों ने तुरंत दीघा थाने और दानापुर स्थित अग्निशमन स्टेशन को सूचना दी। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। मौके पर पहुंचे सीटी एसपी ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर अन्य जगहों से भी दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलवाया।
देर से पहुंची दमकल की गाड़ी
निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास शर्मा ने बताया कि गोदाम से धुंआ निकलता देखे तुरंत दीघा थाने को सूचना दी गई। फोन नंबर नहीं लगने से एक कर्मचारी को दानापुर स्थित अग्निशमन केंद्र पर भेज सूचित किया गया। जानकारी देने के करीब चालीस मिनट बाद दमकल की पहली गाड़ी पहुंची। तब तक आग गोदाम के अन्य हिस्सों में फैल चुकी थी |