पटना. खाद्य मंत्री श्याम रजक ने कहा कि भाजपा नेता सुशील मोदी पर बिचौलियों का संरक्षण करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मंत्री ने कहा कि भाजपा नेता राज्य सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार मनगढ़ंत बयानबाजी कर रहे हैं। जब से राज्य सरकार ने किसानों के लिए प्रति क्विंटल धान पर 300 रुपए बोनस देने की घोषणा की है तब से सुमो की छाती पर सांप लोटने लगा है।
इसी झुंझलाहट में अनाप-शनाप बयान देकर वे राज्य के किसानों को अपनी उपज बिचौलियों के हाथों औने-पौने भाव बेच देने के लिए बहका रहे हैं। सुमो के बयानों से साफ हो गया है कि वे किसान विरोधी तो हैं ही, कालाबाजारियों और बिचौलियों की मदद के लिए वे किसी हद तक जा सकते हैं।
रजक ने कहा कि मौसम के कारण 17 प्रतिशत से अधिक नमी होने के कारण धान की क्रय में थोड़ी धीमी रफ्तार है। जैसे-जैसे मौसम में सुधार होगा धान क्रय उसी रफ्तार से बढ़ेगी। जहां तक किसानों को पैसे देने की बात है ये तो आंकड़ों की बात है जो खुद-ब-खुद मोदी जी के आंखों के सामने आ जाएगा।
रजक ने कहा कि सुमो को भूलने की गंभीर बीमारी है। उन्हें याद पड़ेगा कि पिछले वर्ष फैलिन तुफान और राज्य के अधिकांश जिलों में सुखाड़ की वजह से धान के उत्पादन में 50 प्रतिशत तक की कमी आई थी। इसका असर धान खरीद पर भी पड़ा। बिहार के वित्त मंत्री रहते हुए सुमो ने अगर कृषि विभाग की रिपोर्ट नहीं देखी थी तो उन्हें अब इस रिपोर्ट को देख लेना चाहिए। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार को देखकर राज्य सरकार पूरी तरह से आश्वस्त है कि खरीद के लक्ष्य की प्राप्ति कर ली जाएगी। सरकार सभी किसानों को आश्वस्त करती है कि हरेक किसान से धान की खरीद की जाएगी। इसलिए लोगों को भाजपा के बहकावे में नहीं आना चाहिए।