पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हॉर्स ट्रेडिंग के मास्टर दूसरों पर लगा रहे आरोप: नंदकिशोर यादव

हॉर्स ट्रेडिंग के मास्टर दूसरों पर लगा रहे आरोप: नंदकिशोर यादव

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फाइल फोटो: विधान सभा में विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव।
पटना. विधान सभा में विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग के खेल के मास्टर रहे लोग दूसरों पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रहे हैं। नीतीश कुमार को यह भी ख्याल ही नहीं रहा कि लोकतंत्र एक संवैधानिक प्रक्रिया से चलता है, किसी पार्टी या नेता विशेष की सुविधा के अनुसार नहीं। नीतीश बताएं, क्या उन्होंने भाजपा से पूछ कर जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था? या वे भाजपा से पूछ तक दोबारा से जदयू के नेता चुने गए हैं।

नंदकिशोर यादव ने कहा कि दहशत की राजनीति करने वालों के साथ मिलकर सत्तापक्ष का इस तरह विपक्ष पर दबाव डालना ठीक नहीं है। राजद से गठबंधन को लेकर नीतीश के मंत्री आपस में बंट मंत्री गए हैं, विधायक बंट गए हैं और संगठन बंटा हुआ है लेकिन वे अपनी नाकामी छिपाने के लिए भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं। क्या जदयू ने भाजपा से पूछकर राजद से हाथ मिलाने का फैसला लिया था?
नंदकिशोर यादव ने कहा कि आश्चर्य है कि सत्तापक्ष विपक्ष से पूछ रहा है कि वो किसे समर्थन देगा? बहुमत साबित करना सत्तापक्ष की जिम्मेदारी है या विपक्ष की? भाजपा किसे समर्थन देगी, किसे नहीं देगी, यह 20 फरवरी को विधानसभा के फ्लोर पर सामने आ जाएगा। लोकतंत्र में हर पार्टी को अपना फैसला लेने का अधिकार है। आखिर नीतीश किस वजह से कहते हैं कि सब भाजपा का किया-धरा है। जल्ला के चालीस गांवों के समेत सैंकड़ों गांवों के किसान लागत से आधे दाम पर आलू बेचने पर मजबूर हैं। पालीगंज के इलाकों में सोन नदी का बांध टूटने से सैंकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो गई, कई परिवार टेंटों में रह रहे हैं। धान खरीद पहले से ही सुस्त है। खाद की कालाबाजारी से त्रस्त मधेपुरा के किसानों के यूरिया के ट्रक तक लूट लेने की खबर है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से किसान परिवारों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है, लेकिन कुर्सी को लेकर आपस में सिर-फुटव्वल कर रहे लोगों को इससे कोई सरोकार नहीं है।