फाइल फोटो: राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव।
पटना. राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने बिहार में बाढ़ की तबाही से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने 3500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज देने की मांग की है। पप्पू यादव ने कहा कि त्रासदी कोसी की हो या जम्मू की, उसकी सर्वाधिक मार गरीब आदमी को ही झेलनी पड़ती है। प्रभावित इलाके को पर्याप्त मात्रा में राहत राशि व सामग्री मिलनी चाहिए। प्राकृतिक आपदा पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों को लेकर केंद्र सरकार की नीयत ठीक नहीं है तो नीति कैसे ठीक होगी? वह पूंजीपतियों को प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के लिए छूट दे रही है। इसका खामियाजा आम आदमी को भुगतना पड़ता है। कोसी की त्रासदी से हर कोई परिचित है। लेकिन इससे से निजात पाने का कोई स्थायी प्रयास नहीं किया गया। सांसद ने कोसी के पीड़ितों के लिए भी विशेष राहत पैकेज की मांग की। सांसद ने कहा कि आजादी के बाद से ही देश में कलेक्टर राज चला आ रहा है। पंचायत से लेकर सचिवालय स्तर तक आम आदमी को उपेक्षा और अनदेखी का शिकार होना पड़ता है।