पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मंत्री के पुतले पर पार्षदों ने की चप्पल जूते की बरसात

मंत्री के पुतले पर पार्षदों ने की चप्पल-जूते की बरसात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: पार्षदों ने किया पुतला दहन।
पटना. नगर निगम को भंग करने के लिए पार्षदों को मिले कारण बताओ नोटिस के बाद मंगलवार को पार्षदों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की और मंत्री के पुतले में आग लगाई। डाकबंगला चौराहे पर मंत्री के विरूद्ध पार्षदों द्वारा की जा रही नारेबाजी में काफी आक्रोश दिखा। पार्षदों ने सरकार व विभाग को चेतावनी भी दी है कि अगर निगम को भंग करने की कार्रवाई वापस नहीं ली जाती है तो पूरे बिहार में सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन चलेगा। हालांकि इस प्रदर्शन में मेयर और उनके समर्थकों ने भाग नहीं लिया।
मौर्यालोक निगम कार्यालय से डाकबंगला तक किया प्रदर्शन
डिप्टी मेयर रूप नारायण मेहता, पार्षद विनय कुमार पप्पू, संजय सिंह, सुनील कुमार, दीपक कुमार चौरसिया, सुषमा साहू आदि पार्षदों ने मौर्यालोक निगम कार्यालय से प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए डाकबंगला तक गए। नगर विकास विभाग मंत्री हाय हाय... होश में आओ..., लोकतंत्र की हत्या मत करो..., भंग की सिफारिश वापस लो... आदि नारे को लगाते हुए पार्षदों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया।
कल सड़कों पर निकलेगा मशाल जुलूस
विभाग द्वारा निगम भंग करने के लिए की जा रही कार्रवाई पर विपक्ष के सभी पार्षद बुधवार को निगम मुख्यालय से लेकर कारगिल चौक तक मशाल जुलूस निकालेंगे और वहां एक सभा करेंगे। डिप्टी मेयर के रूप नारायण मेहता ने कहा है कि नगर विकास मंत्री पहले निगम को निलंबित करने की बात कह रहे थे। अब विघटित करने की धमकी दे रहे हैं। इससे जाहिर होता है कि उन्हें संविधान का कोई ज्ञान नहीं है। विभाग के मंत्री और महापौर की इसमें संलिप्तता है। इन्हीं के इशारे पर सारा खेल चल रहा है।
हर सवाल का मिलेगा जवाब
विपक्ष के पार्षद विनय कुमार पप्पू ने कहा है कि विभाग द्वारा भेजे गए हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। विभाग द्वारा जो बिंदु उठाया गया है, वह तर्कहीन है। अगर निगम में काम नहीं हुआ है तो इसके दोषी पार्षद नहीं केवल मेयर हैं। मेयर की गलती की सजा पार्षदों को क्यों दी जा रही है। इसका पूरजोर विरोध किया जाएगा।