पटना. अगर आप नेट उत्तीर्ण नहीं हैं तथा पीएचडी भी नहीं की है तब भी विश्वविद्यालय शिक्षक नियुक्ति में आप आवेदन कर सकते हैं। बशर्ते आप स्नात्कोत्तर में 55 फीसदी अंक से उत्तीर्ण हुए हैं। शर्त यह होगी कि दिसंबर में होने वाली नेट परीक्षा में आपको उत्तीर्ण होना होगा। तभी आपको बिहार लोक सेवा आयोग साक्षात्कार के लिए बुलाएगा। शिक्षा मंत्री वृशिण पटेल ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
विदित हो कि बीपीएससी ने विश्वविद्यालय शिक्षकों की नियुक्ति में 20 नवंबर तक योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगा है। 3364 पदों पर निुयक्ति होनी है। मंत्री ने यह भी कहा कि बीपीएससी के द्वारा निकाले गए विज्ञापन में नेट उत्तीर्ण होने की अनिवार्यता से उन्हीं को राहत दी गई है जो यूजीसी 2009 के रेगुलेशन के आधार पर पीएचडी किए हैं। बिहार में यह रेगुलेशन नवंबर 2012 में लागू हुआ था। इस रेगुलेशन से पीएचडी करने वाले बिहार में नहीं के बराबर हैं। इसलिए यह नई राहत अभ्यर्थियों को दी गई है।