पटना. बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की ओर से स्नातक व इंटर स्तर पर बहाली के लिए आवेदन 10 अक्टूबर तक मंगाए गए हैं। इस बीच 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक बैंकों में गांधी जयंती, दुर्गापूजा व बकरीद की छुटि्टयां रहेंगी। छुटि्टयों के कारण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में भी कामकाज ठप रहेगा। बैंकों में कामकाज बंद रहने के कारण बीएसएससी का चालान जमा नहीं हो पाएगा।
अभ्यर्थियों को 29 सितंबर तक अपना चालान बैंक में जमा कर देना होगा। अगर इस तिथि तक वे बैंकों में चालान जमा नहीं करेंगे तो सात-आठ अक्टूबर तक इंतजार करना पड़ेगा। बीएसएससी ने स्नातक व इंटर स्तर पर 16 हजार 736 पदों पर बहाली के लिए सूचना प्रकाशित की है। इन पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करना है। लेकिन, फीस का चालान एसबीआई में जमा करने के बाद उसका नंबर वेबसाइट पर अपडेट करना है। अभ्यर्थी पहले बीएसएससी के सर्वर धीमी रहने के कारण परेशान थे। अब बैंकों में छुट्टी रहने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बैंक खुलेंगे तो पेंडिंंग कार्यों के साथ-साथ चालान जमा करने की कवायद शुरू होगी। दो-तीन दिनों में भीड़ भी बढ़ेगी और अभ्यर्थियों की परेशानी भी। इस स्थिति से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अभी से बैंकों में चलान रसीद जमा करना शुरू करना होगा।