पटना. बिहार की राजधानी के कई इलाकों में बारिश का पानी भर गया है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद इकट्ठा हुआ पानी आज भी नहीं निकल सका और पटना के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं। शनिवार को बच्चों को स्कूल और लोगों को दफ्तर जाने को लेकर खासा परेशान होना पड़ा। रामलखन पथ, चांगर, पूर्वी इंदिरा नगर, राजेन्द्र नगर गोलंबर, राजेन्द्र नगर रोड नम्बर-2 और बाजार समिति की सड़क पर दो पहिया वाहनों आना-जाना है। घुटने तक भरे पानी को पार कर लोग मुख्य सड़क पर आए। पर यहां भी वहीं स्थिति। ऐसे में एक बार फिर लोगों को भीषण जलभराव की स्थिति से जूझना पड़ रहा है। राजेंद्र नगर गोलंबर, रोड नंबर दो, तीन, चार छह तथा बाजार समिति में एक से डेढ़ फीट तक सड़क पर पानी भर गया है। गोलंबर के आस-पास के घरों में पानी बह रहा है। राजेंद्र नगर रोड नंबर 12, कमला स्मृति, 55-ई में घर के अंदर भी पानी लबालब भरा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। राजधानी में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई। शाम सवा चार बजे से साढ़े छह बजे के बीच करीब 60 एमएम बारिश हुई। इस मौसम में दो घंटे में सबसे अधिक बारिश का यह रिकॉर्ड है। इससे एक बार फिर राजधानी पानी-पानी हो गई। अधिकतर सड़कों पर एक से तीन फीट पानी जमा हो गया।
चारों ओर पानी ही पानी
बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोन और भूतनाथ रोड में निचले इलाके में रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गंदा पानी घरों में घुस गया है। एक कमरे में जिंदगी सिमटी नजर आ रही है। यहां के निवासी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शहर में एक दिन में हुई बरसात से यह हाल है कि लगता है बाढ़ आ गई है। रहने के लिए दूसरे स्थान की तलाश करनी होगी। दरगाह रोड में रूट परिवर्तन कर वाहनों का परिचालन शुरू कर दिया है। पुराने मकान में रहने वाले लोगों के बीच दशहत का मौहाल बना है। क्योंकि शुक्रवार की देर रात सुल्तानगंज गोलकपुर मोहल्ले में संजय ततवा नाम के युवक की मौत हो गई। पुराने मकान के ध्वस्त होने से यह घटना हुई थी।
फ्लैट में कैद हुए मोहल्लेवासी
कंकड़बाग स्थित रेंटल फ्लैट में ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले लोग कैद-से हो गए हैं। पानी बेड तक पहुंच गया है। यही हाल एलआईजी, डिफेंस कॉलोनी, हनुमान नगर, एमआईजी कॉलोनी, डीवीसी कॉलोनी, जक्कनपुर आदि का है। रेंटल फ्लैट निवासी एके उपाध्याय ने बताया कि घर में घुटना भर से अधिक बारिश का पानी है। नाले का पानी भी उसके साथ गया है। अशोक राजपथ, सुदर्शन पथ, श्री गुरु गोविंद सिंह पथ, मालसलामी, चौकशिकारपुर, पत्थर की मस्जिद, पश्चिम दरवाजा, मीना बाजार के संपर्क पंथों में नाले का पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे लोगों का घर से बाहर निकला दुश्वार हो गया है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए संबंधित तस्वीरें...