सीतामढ़ी/पटना. बैरगनिया थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में राजनीतिक वर्चस्व को ले मारपीट व गोलीबारी में पुलिस ने बीस सूत्री अध्यक्ष मिनहाजुल अंसारी व परसौनी पैक्स अध्यक्ष समसुल कमर खां समेत 37 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में 40 से 50 लोगों को आरोपित किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में थानाध्यक्ष रामनंदन प्रसाद ने खुद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की है।
बीस सूत्री अध्यक्ष व पैक्स अध्यक्ष के समर्थकों के बीच मारपीट के दौरान चार राउंड हवाई फायरिंग की गई थी। सूचना पर बीडीओ आशुतोष आनंद, सीओ जगदीश पासवान, थानाध्यक्ष रामनंदन प्रसाद दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे थे। लेकिन दोनों पक्षों ने प्राथमिकी दर्ज नहीं करा समाजिक स्तर पर समझौता का निर्णय लिया था। परसौनी पंचायत अति संवेदनशीलता माना जाता है। इसको लेकर जिला प्रशासन ने थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया।