पटना. विजिलेंस ब्यूरो ने मंगलवार को सीतामढ़ी के जिला भविष्य निधि पदाधिकारी प्रदीप कुमार को बीस हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। कुमार राष्ट्रीय बचत कार्यपालक पदाधिकारी के भी प्रभार में हैं। ब्यूरो के अनुसार सीतामढ़ी के मानपौर के रहने वाले सुनील कुमार ने शिकायत की थी कि उनकी बेटी प्रियंका कुमारी राष्ट्रीय बचत योजना में कमीशन एजेंट के तौर पर काम करती हैं।
कमीशन चालू करवाने के एवज में जिला भविष्य निधि पदाधिकारी उनसे रिश्वत की मांग कर रहे हैं। मामले के सत्यापन के बाद विजिलेंस ने डीएसपी पारस नाथ सिंह के नेतृत्व में टीम गठित किया और मंगलवार को आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अधिकारी रिश्वत की यह रकम डुमरा स्थित अपने किराए के मकान में ले रहे थे।