फोटो: दो ट्रेनों की हुई टक्कर।
बाढ़/पटना. बाढ़ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन पर शुक्रवार की सुबह आनंद-विहार गुवाहाटी नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से भोजपुर पैंसेजर ट्रेन की टक्कर हो गई। टक्कर काफी धीमी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि इस हादसे में पैसेंजर ट्रेन की एक बोगी बेपटरी हो गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री नींद में थे। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। यात्री इधर-उधर भागने लगे।
इमरजेंसी ब्रेक लगा रोकी दोनों ट्रेन
रेल सूत्रों के मुताबिक सुबह 6.44 बजे स्टेशन के दो न. शंट लाइन से अप 73203 डाउन भोजपुर पैसेंजर को रवाना किया गया। ट्रेन अभी प्लेटफॉर्म से बाहर निकली ही थी कि स्टेशन के डाउन लाइन 1 न0 पर 12505 डाउन नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस ट्रेन घुस गई। स्टेशन के पश्चिमी केबिन के आउटर स्वीचिंग प्वॉइंट पर पहुंचते ही भोजपुर पैसेंजर, नॉर्थ ईस्ट की बोगी में रगड़ खाने लगी। हादसे को भांपते हुए दोनों ट्रेनों के चालकों ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेनों को वहीं रोक दिया। इस दौरान भोजपुर पैसेंजर ट्रेन पटरी से उतर गई। ट्रेनों के रुकते ही यात्री गाड़ी से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।
डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रहा बाधित
नॉर्थ ईस्ट एक्स्प्रेस और सवारी गाड़ी बिल्कुल पास से सट गईं और दोनों ट्रेनों की बोगियां आपस में चिपक गईं। हादसे के बाद पटना मोकामा रेलखंड के अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया था। दोपहर बाद दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया। हादसे में मानवीय भूल के संकेत मिले हैं। रेलवे ने जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कही है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए घटना से संबंधित तस्वीरें...