पटना. तेज रफ्तार बाइक में महिलाओं से पॉश इलाके में
मोबाइल छीनने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिलाओं से छिनतई की वारदातों पर एसएसपी और सिटी एसपी द्वारा दो दिन पहले पुलिसवालों की लगाई क्लास के बाद यह गिरफ्तारी हुई। सचिवालय डीएसपी शिबली नोमानी, एसकेपुरी थानाध्यक्ष आइसी विद्यासागर की टीम ने सचिवालय, शास्त्रीनगर, एसकेपुरी जैसे वीआइपी इलाकों में मोबाइल छीनने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक अमित पासवान एएन कॉलेज से 2012 में ग्रेजुएट है।
जबकि दूसरा दीघा, बांस कोठी निवासी मो. निसार कई छिनतई कर चुका है। दोनों ने एसकेपुरी थाना में 6 अगस्त 2014 को मदर टेरेसा रोड के पास दुमका की खुशबू कुमारी का मोबाइल छीना था। खुशबू की शिकायत पर पुलिस ने 7 अगस्त को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जबकि 9 अक्टूबर को एएन कॉलेज-पानी टंकी रोड से महेशनगर, रोड-4 निवासी शुभम का मोबाइल इन्हीं दोनों बदमाशों ने छीन लिया था।
बाइक पर तेज रफ्तार से आकर मोबाइल छीन भाग जाते थे
डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक में सवार होकर इन इलाकों में छिनतई करते थे। होता यह था कि किसी अपार्टमेंट या सड़क पर अकेली जा रही महिला या व्यक्ति को निशाना बनाकर दोनों आते थे। बातचीत कर रहे शख्स की मोबाइल छीनकर निकल जाते थे। जेडी वीमेंस कॉलेज और चिड़ियाखाना के पास भी हुई छिनतई में दोनों का हाथ है।
पेशेवर चोरों पर तल्ख थी पुलिस
शाम साढ़े 6 से 8:30 बजे के बीच बदमाश छितनई करते थे। छितनई के लंबे समय बाद इसे बेचा जाता था। कई महिलाओं ने एसएसपी और सिटी एसपी से शिकायत की थी। इसके बाद एक बैठक कर थानाध्यक्षों और डीएसपी को ऐसे मामलों में न केवल बदमाशों को पकड़ने बल्कि मोबाइल बरामदगी भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।