फोटो: आक्रोशित लोगों ने बोलेरो में लगाई आग।
मोकामा/पटना. बाढ़ थाना इलाके में बोलेरो सवार लोगों द्वारा एक टमटम चालक की पिटाई पर स्थानीय लोगों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने बोलेरो को आग के हवाले कर दिया। दरअसल हुआ यह कि बाढ़ स्टेशन रोड पर एक बोलेरो में टमटम से हल्की ठोकर लग गई। इससे बोलेरो में हल्की खरोच आ गई। बोलेरो में बैठे लोगों को इस पर गुस्सा आ गया। वे गाड़ी से बाहर आए और टमटम चालक की पिटाई शुरू कर दी।
छात्रों का समूह उग्र हो गया
इसी दौरान छात्रों का एक समूह वहां से गुजर रहा था। छात्रों को जब पता चला कि बोलेरो में महज हल्की खरोच लगने के कारण टमटम चालक की पिटाई की जा रही है तो छात्रों का समूह उग्र हो गया। छात्रों ने बोलेरो चालक की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान स्थानीय लोग भी छात्रों के साथ हो गए और बोलेरो में तोड़फोड़ शुरू कर दी। नाराज लोगों ने बोलेरो में आग लगा दी। हंगामा ज्यादा बढ़ता देख बोलेरो सवार लोग और टमटम चालक दोनों ही मौके से भाग निकले। बाढ़ थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात को काबू में किया।