पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Bihar News Patna Train Robbery Patna Women's College

ट्रेन में पटना वीमेंस कॉलेज की लड़कियों पर नशीला स्प्रे छिड़का और लूट ले गए सामान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. एजुकेशनल टूर पर हैदराबाद से पटना लौट रही पटना वीमेंस कॉलेज की छात्राओं को बेहोश करके शातिरों ने चलती ट्रेन में हजारों की संपत्ति गायब कर दी। यह घटना रविवार की भोर में सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस के स्लीपर बोगी एस-10 में जबलपुर से कटनी के बीच हुई। छात्राओं के मुताबिक सुबह साढ़े चार बजे वे फ्रेश हो रही थीं। इसी दौरान ऐसा लगा कि किसी ने स्प्रे किया है। फिर नींद आने लगी। डेढ़ घंटे बाद जब होश आया तो चार छात्राओं निधि, सादिया, अनिष्का और अनुप्रिया के बैग या ट्रॉली बैग गायब थे।
इसमें कपड़े, पेपर, शॉपिंग के सामान, गहने, घड़ियों व अन्य सामान के साथ ही 25 हजार से अधिक नकद रखे थे। इलाहाबाद रेल थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। बीएमसी की 60 छात्राओं का ग्रुप एचओडी के साथ ‘इंडस्ट्रियल टूर’ पर पिछले 8 सितंबर को हैदराबाद गया था। अनुप्रिया व कुछ अन्य छात्राओं ने पटना जंक्शन रेल थाने में चोरी के बाबत बयान दर्ज कराया। रेल पुलिस के मुताबिक बयान को आगे की कार्रवाई के लिए कटनी भेजा जाएगा।
कुछ भी हो सकता था : पूर्व सूचना राज्य मंत्री अब्दुल मलिक अपनी बेटी मोनिजा को रिसीव करने आए थे। कहा, कि ये तो गनीमत थी कि चार लड़कियों के सामान गायब हुए। उनकी बेटी ने बताया कि जिस तरह की व्यवस्था थी, कुछ भी हो सकता था। जिन लड़कियों का सामान गायब हुआ, वे रोते-रोते ट्रेन में ही बेहोश हो रही थी। लेकिन, मैडम नहीं आई। इसकी शिकायत कॉलेज के प्रिंसिपल से की जाएगी। एक छात्रा के पिता शैलेंद्र ने बताया कि सभी से 12.500 रुपए टूर के लिए लिए गए थे। एसी में ले जाना चाहिए था पर स्लीपर क्लास में ले गए।