पटना. पटना विश्वविद्यालय में अब सत्र समाप्ति की शुरुआत हो रही है। परीक्षाओं की घोषणा पहले ही हो चुकी है, अब बारी इनके संचालन की है। पीयू प्रशासन के अधिकारी इस मामले में सतर्क हैं। विशेषकर परीक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर परीक्षा कराने की जिम्मेदारी है तो यहां काम भी जारी है। यह परीक्षा अलग-अलग केंद्रों पर हो रही है, जिसकी निगरानी के लिए पीयू प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। वरीय शिक्षकों को फ्लाइंग स्क्वायड में रखा गया है। साथ ही पीयू प्रशासन के वरीय अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लेंगे।
सबसे पहले बीए, बीएससी व बीकॉम के तृतीय वर्ष की परीक्षा शुरू हो रही है, जिसके लिए पीयू प्रशासन ने 7 केंद्र बनाए हैं। सभी परीक्षाएं पहली पाली में होंगी। इस संबंध में स्नातक परीक्षाओं के इंचार्ज व पटना विवि के प्रतिकुलपति प्रो. आरके वर्मा ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक कराना हमारा पहला मकसद है। कदाचार किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी कदाचार में पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों को सीधे निष्कासित किया जाएगा। निष्कासन सिर्फ परीक्षा से ही नहीं, बल्कि मामले को ध्यान देखकर एक से अधिक परीक्षाओं या सत्रों के लिए निष्कासित किया जा सकता है।