जमुई. खैरा थानाक्षेत्र के पुरना खैरा गांव के जनवितरण प्रणाली के डीलर हरीप्रकाश सिंह का बीती देर रात अज्ञात अपराधियों ने अपहरण कर लिया। हरीप्रकाश सिंह रात में अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे और इसी दौरान अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। अपराधियों ने हरीप्रकाश सिंह के
मोबाइल फोन से कॉल कर एक करोड़ रुपए फिरौती की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
साइकिल गिरी हुई मिली
अगवा हरी प्रकाश सिंह की पत्नी अनीता देवी ने बताया कि देर रात तक जब वे घर नही पहुंचे तो अपने पुत्र संजीत को फोन लगाने को कहा। जब फोन किया गया तो उनका मोबाइल फोन स्वीच ऑफ था। परिजन परेशान हो गए और गांव वालों के साथ उनकी खोजबीन शुरू कर दी। इसी क्रम में घर से कुछ दूरी पर खैरा-पुरना खैरा मुख्य मार्ग के चकरिया पुल के पास हरीप्रकाश सिंह की साइकिल गिरी हुई मिली। इधर, हरी प्रकाश सिंह के मोबाइल से उनके छोटे पुत्र संजीत कुमार को कॉल आया। फोन पर सामने से आवाज आई की पिता को सही सलामत चाहते हो तो एक करोड़ रुपए दे दो और पिता को ले जाओ।
सुबह दर्ज कराई गई प्राथमिकी
अपने पिता के अपहरण की खबर जब उसने अपने घर में बताई परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। इधर, पुलिस को जैसे ही घटना की भनक लगी, पुलिस जांच में जुट गई। देर रात से ही हरी प्रकाश सिंह की बरामदी के लिए खैरा एवं चंद्रदीप थाना की पुलिस लगी हुई है। शुक्रवार की सुबह संजीत कुमार एवं रंजीत कुमार द्वारा लिखित आवेदन देकर थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अपहरण की सूचना मिली है। देर रात से ही पुलिस छापेमारी कर रही है। अपराधिक गिरोह की पहचान की जा रही है। जल्द ही अगवा हरीप्रकाश सिंह को रिहा करा लिया जाएगा।
उपेंद्र प्रसाद सिंह, एसपी, जमुई
आगे की स्लाइड्स में देखिए संबंधित तस्वीरें...