पटना/मुंगेर. गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए बिहार के सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। आईबी की ओर से पहले ही राज्य पुलिस को हाई अलर्ट जारी किया जा चुका है। दरअसल कुछ दिनों पूर्व ही मुंगेर, जमुई और छपरा में नक्सलियों के साथ सीआरीपीएफ की भुठभेड़ हुई थी, जिसमें कई विस्फोटक बरामद किए गए थे। साथ ही पकड़े गए नक्सलियों ने यह भी खुलासा किया था कि वो बड़े वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। नेपाल से सटे जिले किशनगंज, अररिया, सुपौल और पूर्णिया में विशेष रूप से चेकिंग की जा रही है। ऐसे में देर रात वाहनों की चेकिंग चल रही है।
बताते चलें कि परसा थाना पुलिस ने बुधवार की रात दैनिक चेकिंग अभियान के दौरन दो कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया था। एसपी वरूण कुमार सिन्हा ने बताया था कि इन नक्सलियों के पास से एक चिठ्ठी मिली है। इसमें ये खुलासा हुआ कि नक्सली जल्द ही बिहार में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। नक्सली महाराजगंज से राजेडी के सांसद प्रभुनाथ सिंह के भाई दीनानाथ सिंह, शिवहर के पप्पू सिंह, अखिलेश कुमार और मोतिहारी के छेदी सिंह की हत्या की फिराक में भी थे।
नक्सलियों के पास से 83 हजार नकदी एवं एक बैग नक्सली साहित्य तथा मोबाइल बरामद किया गया था। हालांकि एक नक्सली भागने में सफल रहा था। गिरफ्तार दोनों नक्सलियों से भगवान बाजार थाना में आईबी, एसटीआरएफ, स्पेशल ब्रांच के साथ मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, शिवहर और वैशाली की पुलिस पूछताछ कर रही है।
वहीं, चार दिनों पूर्व मुंगेर और जमुई के जंगलों में कॉबिंग ऑपरेशन चला कर गणतंत्र दिवस पर नक्सलियों के हमले के मंसूबे पर पानी फेरते हुए सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था। नक्सलियों के इन्हीं मंसूबे को ध्यान में रखते हुए खुफिया विभाग ने मुंगेर और जमुई में हाई अलर्ट किया है।
मालूम हो कि मुंगेर और जमुई के जंगलों में बीते सोमवार रात सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने गणतंत्र दिवस पर बड़ी घटना को अंजाम देने की नक्सलियों की साजिश को नाकाम कर दिया था। इस दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया गया था। नक्सली रत्तू कोड़ा पकड़ा गया। वह पैसरा गांव का रहने वाला है। धरहरा के पैसरा जंगल (मुंगेर) में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी।
मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उधर जमुई के गिद्धेश्वर जंगल में भी छापेमारी की गई थी। यहां भारी मात्रा में लैंड माइंस बरामद हुए। नक्सली गणतंत्र दिवस पर बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए विस्फोटक तैयार कर रहे थे। 38 हैंड ग्रेनेड, 73 हैंड ग्रेनेड का लीवर, 1 जेनरेटर, 20 बंडल बिजली तार, 1 कुकिंग गैस सिलेंडर, नक्सली वर्दी व साहित्य डीजल पंप में इस्तेमाल किए जाने वाले सिलेंडर से बनाये गये 25 लैंड माइंस बरामद। सभी में डेटोनेटर लगाना ही बाकी था।
आगे देखिए मुंगेर में चार दिनों पूर्व नक्सलियों से बरामद विस्फोटक की तस्वीरें...