समस्तीपुर/पटना. जिले के मुसरीघरारी थानान्तर्गत रुपौली गांव में अपराधियों ने दरवाजे पर बैठे शिक्षक बालेश्वर महतो (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं बचाव के लिए पहुंची पत्नी सुशीला देवी भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जामकर हंगामा किया और कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं जब पुलिस ने जाम हटाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने उन्हें भी खदेड़ दिया। बाद में मौके पर एसपी बाबू राम, एसडीओ और अन्य पुलिसकर्मियों ने पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद समझा-बुझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। तब जाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बताया जाता है कि रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है।
अपराधी पैदल ही पहुंचे
जानकारी के अनुसार शिक्षक मध्य विद्यालय, बखरी में पदस्थापित थे। वे सुबह अपने दरवाजे पर बैठकर पेपर पढ़ रहे थे तभी 3-4 की संख्या में अपराधी पैदल ही पहुंचे और शिक्षक को तीन-चार गोली मारकर हत्या कर दी। इसी दौरान जब पत्नी शिक्षक को बचाने के लिए पहुंची तो उसे भी हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गई। बताया जाता है कि उनकी पत्नी ने एक अपराधी को पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन अपराधी फरार हो गये। आसपास के लोग कुछ समझ पाते तब तक अपराधी भागने में सफल हो गये। आशंका है कि अपराधी कहीं अन्यत्र बाइक लगाकर शिक्षक की हत्या करने पैदल ही दरवाजे पर आये थे।
रंगदारी की मांग
घटना के कारणों के बारे में मृतक शिक्षक के परिजन बताते है कि पहले से अपराधी रंगदारी में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। नहीं देने पर घटना को अंजाम दिया है। इस मामले में पत्नी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया है, जिसमें 4-5 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।