सासाराम/पटना. रोहतास जिला के परसथुआं ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने चितैनी गांव के नौवीं क्लास के छात्र को अगवा कर गोली मार दी है। शुक्रवार की देर रात घटी इस घटना में छात्र की हालत गंभीर है। छात्र को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया। किसान भिखारी सिंह के चौदह वर्षीय बेटे भोला को अपराधियों ने नौ बजे रात में खलिहान से उठाया था। भोला को एनएच-30 के समीप ले जाकर सिर में गोली मार दी थी। उसके बाद छात्र को पुआल के नीचे ढक कर चलते बने।
इधर, अपराधियों के जाने के बाद हल्की होश में आया छात्र दौड़कर समीप के पेट्रौल पंप पर पहुंचा। जहां मदद की गुहार लगाई। पंपकर्मियों ने घटना की सूचना परसथुआं पुलिस को दी। जहां पहुंची पुलिस ने छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। छात्र के पिता भिखारी सिंह ने अज्ञात अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नही हो पाई है। उधर, छात्र को बीएचयू बनारस के गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है। जो अभी कुछ भी बताने में असमर्थ है।