बेगूसराय/पटना. स्कूल से अपने बच्चों को लेकर घर जा रहे युवक की अपराधियों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एघु गांव के पास बाइक सवार अपराधियों ने एघु गांव के रहने वाले कारी सिंह को पांच गोली मारी। इससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के पीछे का कारण आपसी रंजिश होना बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक भी अपराधिक प्रवृति का था।
बताया जाता है कि कारी सिंह अपने दो बच्चो को स्कूल से लेकर बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। तभी सामने से बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके बाइक में ठोकर मार दी। जब कारी सिंह उन्हें उठाने गया तो अपराधियों ने उन्हे गोली मार दी। घटना के बाद आसपास के सैकड़ों लोग पहुंच गये। पुलिस ने मौके से अपराधियों की बाइक व कई खोखा बरामद किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।