औरंगाबाद/पटना. मदनपुर प्रखंड में बुधवार की रात नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में एक टीपीसी उग्रवादी को गोली मारकर हत्या कर दी। मारा गया टीपीसी उग्रवादी पूर्व में नक्सली संगठन में एरिया कमांडर था। घटना सलैया थानाक्षेत्र के बरियावां जंगल की है। सूत्रों के अनुसार मारा गया टीपीसी नक्सली सलैया थाना के बेला गांव निवासी राम लखन यादव का पुत्र रामाश्रय यादव उर्फ राकेश उर्फ रितेश है।
गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने बरियावां के समीप सड़क पर लावारिश हालत में नक्सली पर्चा लगी एक बाइक और शव को देखा। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया है। पुलिस ने घटना स्थल से एक पर्चा भी बरादमद किया है, जिस पर नक्सलियों ने मृतक को पुलिस मुखबिर बताया है और इसी वजह से उसकी हत्या करने की बात कही गई है।