पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दिन दहाड़े अपराधियों ने युवक को मारी गोली, मौत

दिन-दहाड़े अपराधियों ने युवक को मारी गोली, मौत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: मर्डर के बाद छावनी में तब्दील हुआ मैनपुरा।
पटना. चार बाइक पर सवार आठ हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े मैनपुरा राजकीय मध्य विद्यालय के सामने इलाके के दबंग संतोष सिंह को गोलियों से छलनी कर दिया। वारदात सुबह 11:10 बजे की है।
जिस समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थी। गोलियों की इस लीला को स्कूल के बच्चों ने अपनी आंखों से देखा। जिसके बाद बाइक से आए अपराधी घटनास्थल से करीब 1 कि.मी दूर स्थित संतोष के घर के सामने कथित रूप से शोर मचाते हुए फरार हो गए।
संतोष पर कुल आठ राउंड फायरिंग की गई जिससे उसका सीना, हाथ और पीठ छलनी हो गया। मौका-ए-वारदात से पुलिस को पांच खोखे बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार संतोष को छह गोलियां लगी, दो गोलियां निशाने से चूक गई। घटनास्थल पर निढाल पड़े संतोष को तत्काल पीएमसीएच ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। संतोष की हत्या के बाद पूरे इलाके में खौफ का माहौल बन गया है।
सिटी एसपी चंदन कुशवाहा, डीएसपी डॉ शिब्ली नोमानी, एसकेपुरी, शास्त्रीनगर और बुद्धा कॉलोनी तीन थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गए। रेपिड एक्शन फोर्स भी तैनात कर दिया गया है ताकि किसी तरह के गैंगवार को रोका जाए।

शंकर राय और उसके गुर्गों का हाथ, आधार कार्ड की दलाली हत्या की वजह

वारदात के बाद एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि पुलिस की जांच में हत्यारों की पहचान शंकर राय और उसके गुर्गों के रूप में हो रही है। जबकि हत्या का कारण आधार कार्ड की दलाली है। स्कूल की पहली मंजिल पर आधार कार्ड बनता है। इसके अलावा इलाके पर वर्चस्व कायम करने के लिए एक के बाद एक वारदात अंजाम दे रहे थे। संतोष और शंकर के बीच वर्चस्व कायम करने का विवाद था।