पटना. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिला स्तर पर परीक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि सभी परीक्षा केंद्रों तक लोगों की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों का रूट मैप स्थानीय प्रशासन के पास रहना चाहिए। बिहार बोर्ड ने इस बारे में साफ कर दिया है कि हर परीक्षा केंद्र के बारे में पूरा विवरण रहे, ताकि परीक्षा के दौरान इन केंद्रों तक प्रशासन की टीम हर हाल में पहुंच सके।
बोर्ड ने पहले ही आदेश जारी किया था कि परीक्षा केंद्रों तक सड़क रूट होना चाहिए। प्रदेश में गठित 1052 परीक्षा केंद्रों का संबंधित जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से भौतिक निरीक्षण कराने को कहा गया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. लालकेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी जिला प्रशासन से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए अनुरोध किया गया है। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी स्थिति में परीक्षा तैयारियों में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। बोर्ड अभी कॉलेज कर्मचारियों के राज्यव्यापी आंदोलन को भी गंभीरता से देख रहा है। वैसे, बोर्ड का कहना है कि कॉलेजों में इंटर का सेक्शन अलग होता है। इससे परीक्षा के आयोजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अगर किसी प्रकार की परेशानी आती है तो परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक जिला शिक्षा कार्यालय से इस बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। बोर्ड ने परीक्षा आयोजन के लिए केंद्राधीक्षकों को गाइडलाइन भी जारी कर दी है। 18 फरवरी से होने वाली परीक्षा को लेकर बुधवार से इंटर स्तरीय कॉलेज व स्कूलों में एडमिट कार्ड का वितरण शुरू करा दिया गया है।