पटना. महात्मा बुद्ध की ज्ञान नगरी बोधगया में तीन दिनों तक चलने वाले अध्यात्म उत्सव में दुनिया के 31 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। 26 से 28 सितंबर तक चलने वाले इंटरनेशनल बुद्धिस्ट कॉन्क्लेव का उद्देश्य बिहार को पर्यटन के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना है। पर्यटन मंत्री डॉ. जावेद इकबाल अंसारी ने मंगलवार को बताया कि कॉन्क्लेव के जरिए में देश-विदेश के करीब 300 प्रतिनिधियों को बोधगया की आध्यात्मिक दुनिया के रंगों से परिचित कराया जाएगा।
इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी करेंगे। इसमें केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री श्रीपद नायक और केंद्रीय पर्यटन सचिव परवेज दीवान भी मौजूद रहेंगे। इस आयोजन पर साढ़े तीन करोड़ रुपए खर्च आएगा। मंत्री ने बताया कि इस कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने के लिए बौद्ध भिक्षु के अलावा पत्रकार, फोटोग्राफर, टूर ऑपरेटर और पर्यटन उद्योग से जुड़े अन्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। कॉन्क्लेव में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को राजगीर और नालंदा का भ्रमण कराया जाएगा। मौके पर प्रधान सचिव डॉ. दीपक प्रसाद और निदेशक उमाशंकर प्रसाद भी थे।