पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियरों को चेताया कि सड़क बनाते-बनाते आप भी 'कुछ बनाने लगे, तो यह ठीक नहीं होगा। हम केंद्र से लड़ कर, कर्ज लेकर, टैक्स के जरिए धन लाएं और कोई उस पर मौज करने लगे, यह बर्दाश्त नहीं होगा। हर किसी के काम की कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने गुरुवार को मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना की शुरुआत के मौके यह बात कही।
27 जिलों में 970 सड़कों का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई योजना राज्य के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक वातावरण में जबर्दस्त बदलाव लाएगी। सड़कों के निर्माण के साथ उनका रखरखाव भी होना चाहिए। सड़कें खराब होने पर बदनामी बढ़ती है। अगर लोग प्रसन्न हुए तो हम भी प्रसन्न। जनता नाराज, तो हम कैसे खुश रह सकते हैं?
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से 250 तक की आबादी वाले सभी बसावटों को पक्की सड़क से जोड़ा जाएगा। राज्य में ऐसे बसाहटों की संख्या 32,200 है। पांच वर्षों में इन्हें सड़क उपलब्ध कराने के लिए 37,908 किमी लंबे 22,363 पथों का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना इंटीग्रेटेड एक्शन प्लान में शामिल 11 जिलों को छोड़ कर सभी को कवर करेगी। मुख्यमंत्री ने नई योजना की गाइडलाइन, ग्रामीण कार्य विभाग की बेवसाइट 'दर्पणÓ और ऑनलाइन कॉन्ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन सॉफ्टवेयर का भी लोकार्पण किया।
पारदर्शिता से बदली कार्यपद्धति : भीम
ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. भीम सिंह ने कहा कि विभाग ने समयबद्धता, गुणवत्ता, मितव्ययिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता को आधार बनाया है। इसी से कार्यपद्धति और क्षमता में बदलाव आया। मौके पर शिक्षा मंत्री पीके शाही, मुख्य सचिव अशोक कुमार सिन्हा, विकास आयुक्त आलोक कुमार सिन्हा और मुख्यमंत्री के सचिव अतीश चन्द्रा भी मौजूद थे। स्वागत भाषण सचिव ग्रामीण कार्य विभाग डॉ. बी राजेंदर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अपर सचिव आर. लक्ष्मण ने किया।
वल्र्ड बैंक से मांगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि 250 आबादी वाले बसावटों को सड़क से जोडऩे के लिए वल्र्ड बैंक से मदद मांगी गई है। वल्र्ड बैंक पहले से ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए कर्ज दे रहा है। हमने उन्हें बताया है कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना केंद्र की योजना का विस्तार है। इस पर वल्र्ड बैंक ने विचार करने का आश्वासन दिया है। हम दूसरे स्रोतों से भी धन की व्यवस्था कर रहे हैं।
कोई कह नहीं सकता कि वेतन कम है
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठा वेतन मिलने के बाद कोई भी राज्यकर्मी यह नहीं कह सकता कि उसे कम वेतन मिलता है। हम राज्यकर्मियों के सेवा शर्तों को दुरुस्त करने के लिए उदारतापूर्ण दृष्टिकोण रखते हैं। आपका काम है अच्छे परिणाम देना। समय सीमा के अंदर गुणवत्ता के साथ सभी कार्यों को पूरा कराएं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.