बिहटा . पत्नी से मारपीट करने पर एक युवक को ससुरालवालों ने जिंदा जला दिया। घटना बिहटा थाना के मोहरमपुर गांव की है। इस घटना को अंजाम पत्नी ने अपने भाई और पिता के साथ मिलकर दिया। पहले उसे पीटा फिर मिट्टी तेल उसके शरीर पर छिड़क कर आग लगा दी। इसके बाद तीनों फरार हो गए। आग की लपटों में घिरा दामाद घर से बाहर निकला तो पड़ोसियों ने आग बुझाई।
सूचना पर बिहटा पुलिस ने जख्मी युवक को रेफरल अस्पताल बिहटा में भर्ती कराया। युवक की हालत को देखकर चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। 30 वर्षीय अनिल पासवान ने तीन वर्ष पहले मोहरमपुर के नारायण पासवान की बेटी लालती देवी से प्रेम
विवाह किया था। हालांकि सिकंदरपुर गांव निवासी अनिल के पिता नसीब पासवान ने इसका विरोध भी किया था।
अनिल शुक्रवार को ससुराल पहुंचा और पत्नी को पांच हजार रुपए दिया। शनिवार शाम जब वह घर लौटा तो उसने पत्नी से पैसे मांगे। लेकिन पत्नी ने पैसे देने से इनकार दिया। इसको लेकर अनिल और लालती में झगड़ा हुआ। इसके बाद अनिल ने उसकी पिटाई कर दी। इस बीच नशे में धुत उसके साले पप्पू पासवान व ससुर नारायण पासवान ने देख लिया। फिर दोनों ने मिलकर अनिल पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। थानाध्यक्ष संजीत सिन्हा ने कहा कि आराेपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
(अनिल पासवान की तस्वीर।)