पटना. जलजमाव के खिलाफ सोमवार को ठाकुरबाड़ी रोड व्यवसायी संघ के सदस्य दुकानों को बंद कर सड़क पर उतर गए। हाथ में तख्ती लिए करीब चार घंटे तक निगम प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। हाईकोर्ट से भी न्याय दिलाने की अपील की। इस बीच वाहनों का आना-जाना बंद हो गया और जाम की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की और नगर आयुक्त हाय-हाय के नारे लगाए।
इस बीच मेयर अफजल इमाम धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि तत्काल पानी निकलवाने की कार्रवाई की जाएगी। मेयर ने कहा कि बाकरगंज के नाले का कनेक्शन बाकरगंज बड़ा नाला से करा दिया जाएगा। तुरंत ठाकुरबाड़ी रोड के कैचपिट एवं नालों की उड़ाही के लिए बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को बोला गया। जलनिकासी का काम शुरू हुआ तब जाम हटा। वहीं, कंकड़बाग के मोहल्लों से जलनिकासी के लिए नगर निगम द्वारा सोमवार को बाइपास के किनारे 15 जगहों पर अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
सिटी में जाम किया शाहगंज रोड
जलजमाव व गंदगी के खिलाफ आक्रोशित लोगों ने शाहगंज रोड में सोमवार को करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि नालों की शीघ्र उड़ाही की जाए।
सड़क से घर तक पानी
पिछले दिनों हुई बरसात के बाद पूरे क्षेत्र में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई। सड़क से लेकर घर तक पानी ही पानी है। नाले का गंदा पानी दुकानों में घुस रहा हैै।
सड़क पर उतरे लोग
जलजमाव व गंदगी से निजात की मांग को लेकर करीब चार सौ की संख्या में लोग सड़क पर उतर आए। लोगों ने सड़क की घेराबंदी कर वाहनों का परिचालन ठप कर दिया।
अशोक राजपथ जाम
दरगाह रोड, बाजार समिति मुसल्लहपुर हाट रास्ता जाम होने की वजह से अधिकतर वाहन अशोकराज पथ होते होकर निकले। इस दौरान यहां भी जाम लगा।
(शुक्रवार को पटना में हुई भारी बारिश के कारण जलजमाव से परेशान ठाकुरबाड़ी रोड के दुकानदारों ने सोमवार को दुकानें बंद कर सड़क पर प्रदर्शन किया।)