पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अजब चोर की गजब कहानी, कारें चुराते-चुराते बना लिए दो HOTEL

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. पटना पुलिस की स्पेशल टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसका नाम सोनू आलम उर्फ सोनू अख्तर है। सोनू ने कारें चुराकर बेचीं और उसके पैसे से दो होटल खड़े कर लिए। वह एग्जीबिशन रोड और एसपी वर्मा रोड स्थित होटल मेघा पैलेस और न्यू मेघा पैलेस का मालिक है। सोनू फुलवारी का रहने वाला है।
उसने पूछताछ में स्वीकार किया है कि 2010 से अब तक उसने 18 महंगी कारें चुराईं हैं। गाड़ियां चुराने के बाद वह उन्हें उत्तर बिहार के कई जिलों, नेपाल और सिलीगुड़ी में बेच देता था। पुलिस के मुताबिक उसने इन्हीं पैसों से होटल खरीदे हैं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वाहनों की बरामदगी के लिए टीमें रवाना की हैं।
ऐसे हुई गिरफ्तारी?
रामकृष्णा नगर से दो सितंबर को एक मार्शल चोरी हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सोनू को तीन महीने बाद रविवार को गिरफ्तार किया और सोमवार को मामले का खुलासा किया। एसएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि उसने एसयूवी, मार्शल और स्कार्पियो जैसे वाहन चुराने की बात स्वीकारी है।
रियल एस्टेट में भी लगाता था पैसा
सोनू के चार भाई हैं। सभी रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हैं। सोनू चोरी की गाड़ियों को बेचने के बाद इससे मिली रकम को भाइयों की रियल एस्टेट बिजनेस में भी खर्च करता था। एसएसपी राणा ने कहा कि सोनू पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत भी मामला दर्ज होगा। जल्द ही बड़े नेटवर्क का खुलासा होगा।
लॉक खोलने का एक्सपर्ट है सोनू
सोनू गाड़ियों का लॉक खोलने में एक्सपर्ट है। सोनू गिरोह का सदस्य खुर्शीद हाल ही में दाऊद नगर से गाड़ी चुराते गिरफ्तार हुआ है। खुर्शीद और सोनू एक स्विफ्ट से चोरी करने के लिए रात 1:30 बजे के बाद निकलते थे। सोनू लॉक खोलता था। उसी दिन गाड़ी गंगा पार बेचने के लिए भेज देता था। चोरी में इस्तेमाल हाेने वाली स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है। गिरोह के कुछ सदस्य सीतामढ़ी में भी हैं।
(प्रतीकात्मक फोटो)