बेगूसराय। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि बूढ़ा तोता पोस नहीं मानता। उम्र के 70 वें पड़ाव में हूं। जो सोचता हूं, वही काम करता हूं और वही करता रहूंगा। भगवान की कृपा से सीएम बना हूं, भगवान का इशारा है कि गरीबों के लिए काम करो। गरीब के घर में पैदा हुआ, ठोकर खा कर, बेगारी करते करते सीएम बना हूं।
गरीबों के लिए काम करता हूं तो बुद्धिजीवी कहे जाने वाले लोग दूसरे रूप में लेते हैं लेकिन इसका मुझ पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। गरीबों के लिए जो बन पड़ेगा वह करूंगा। मुख्यमंत्री शनिवार को बेगूसराय के सिंहमा गांव में पौने दो करोड़ की लागत से बनने वाले पीएचसी के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
डीएम को दिखाऊंगा कलम की ताकत
पर्चाधारियों को जमीन का दखल नहीं मिलने की शिकायत पर सीएम ने नाराजगी जाहिर की। कहा-अंचल से बेईमान गायब कर देते हैं कागज। डीएम गरीबों की आह ना लें और जमीन का कब्जा दिलाएं। मेरे रहते भी अगर गरीब-गुरबों को हक नहीं मिला तो जीवन भर मुझे गाली ही देंगे। डीएम अच्छा काम करेंगे तो थैंक्स देंगे नहीं तो कलम की शक्ति दिखा देंगे। सीएम ने हंसते हुए कहा- इस बार हाथ काट लेने वाली बात नहीं कहूंगा।