पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • City Gate Was Closed For Six Hours R Block Move Move The Jam

छह घंटे बंद रहा आर ब्लॉक गेट शहर में कदम-कदम पर जाम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. अपनी मांगों को लेकर बुधवार को बिहार माध्यमिक कंप्यूटर शिक्षक संघ, डॉटा ऑपरेटर और पटना नगर निगम के चतुर्थवर्गीय कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। दिन के लगभग एक बजे प्रदर्शनकारी एक-एक कर झंडा, बैनर व पोस्टर लेकर आर ब्लॉक पर जमा हो गए। वहां पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने गेट को बंद कर दिया। लगभग छह घंटे तक गेट बंद रहने से राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। यही नहीं इसका असर बाईपास पर भी पड़ा और वाहन रेंगने लगे।

वाहनों की कतार लगी: शाम में सात बजे तक गेट बंद रहने से डाकबंगला चौराहा, जीपीओ, स्टेशन गोलंबर, आर ब्लॉक, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल मार्ग और एग्जीबिशन रोड पर वाहनों की कतार लग गई। यही नहीं बेली रोड, अदालतगंज, बुद्ध मार्ग, स्टेशन रोड पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। हालांकि ट्रैफिक पुलिस इन सड़कों पर तैनात थी, लेकिन मूकदर्शक बनी रही। जाम की वजह से स्कूल के बस व एम्बुलेंस भी फंस गए। जाम में वाहन से धक्का लगने से पैदल चल रहे लोगों व वाहन चालकों के बीच झंझट भी हुई। यही नहीं इन मार्गों से सटे जो लिंक पथ थे, वहां भी वाहनों की रेलमपेल थी। एक तरफ जाम तो दूसरी तरफ वाहनों से निकलने वाले धुएं व हॉर्न की आवाज ने लोगों की रही-सही कसर निकाल दी।

चलने लगे पैदल
आर ब्लॉक पर आंदोलनकारियों का कब्जा रहने से लोग पैदल चलने पर मजबूर हो गए। लोग परिवार के साथ सामान लेकर पैदल चलने लगे। महिलाओं व बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कइयों की छूट गई ट्रेनें: फुलवारीशरीफ, खगौल, दानापुर और पटना के पश्चिमी मोहल्लों से ट्रेन पकडऩे स्टेशन आ रहे कई लोगों की ट्रेन छूट गई। ट्रेन पकडऩे आ रहे लोगों को ऑटो चालकों ने आर गोलंबर पर ही उतार दिया। इसमें कई ऐसे लोग थे जो ट्रेन खुलने का समय देख, घर से निकले थे।

कूड़े पर चलने में भी मारामारी, गिरते रहे लोग
आर ब्लॉक गेट बंद होने की वजह से जीपीओ व स्टेशन आ रहे लोगों का पैदल चलना भी मुहाल हो गया था। हालत यह थी कि आर ब्लाक गेट के पास वाहन व ऑटो से उतरे लोग गेट के दक्षिणी छोर से पैदल पारकर स्टेशन की ओर आने लगे। इस दौरान लोग हार्डिंग पार्क में कूड़ों के ढेर पर चढ़कर चलने पर मजबूर हो गए। इसपर चलने के लिए भी मारामारी थी। लोग कई बार कूड़े पर गिरे। हालत यह थी कई लोगों के कपड़े भी कूड़े में गिरने के कारण गंदे हो गए। वहीं कुछ लोग इस मुसीबत से निजात पाने के लिए जुगाड़ लगाते नजर आए। वहीं वाहन चालक और वाहन में फंसे लोग जाम छूटने का इंतजार कर रहे थे।